शिवराज कल किसानों के खाते में डालेंगे 400 करोड़
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कल दमोह में 20 लाख किसानों के खातों में 400 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर करेंगे। इस कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर नगरीय विकास और आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह आज दमोह में हैं। उधर जिला प्रशासन ने स्थानीय नेताओं के साथ बैठक कर कल होने वाली कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम तेज कर दिया है।
सीएम चौहान द्वारा किसानों के खातों में यह राशि मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत ट्रांसफर की जाएगी। इस कार्यक्रम में विकास खंड और ग्राम पंचायतों को सीधे लाइव जोड़ने के लिए प्रशासन की ओर से वेबलिंक जारी की गई है। जनपद पंचायतों के सभाकक्ष में भी किसानों के बैठने के इंतजाम किए गए हैं। इसके पहले सीएम चौहान ने पिछले माह भी 20 लाख किसानों के खाते में 400 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए थे। मार्च में भी इस तरह का आयोजन कर किसानों के खाते में दो हजार रुपए के मान से 400 करोड़ रुपए हस्तांतरित किए जाएंगे।
दमोह विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक राहुल सिंह ने नवम्बर में इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद इस सीट पर विधानसभा उपचुनाव होना है। भाजपा ने दमोह सीट के लिए मंत्री गोपाल भार्गव और भूपेंद्र सिंह को प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है और दोनों ही नेता यहां बैठकें कर रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कल दमोह में होने वाले कार्यक्रम के जरिये भी भाजपा यहां चुनावी कार्यक्रमों का आगाज करेगी। इसमें वेयर हाउसिंग और लाजिस्टिक कारपोरेशन के अध्यक्ष राहुल सिंह भी मौजूद रहेंगे।

पाठको की राय